नीमच। गणेश उत्सव की तैयारियों के बीच रविवार को महू रोड क्षेत्र में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब गणेश प्रतिमाएं तैयार करने वाला मूर्तिकार गोविंद पाल अचानक लापता हो गया। मूर्तिकार के गायब होने से उसके यहां तैयार हो रही कई गणेश प्रतिमाएं अधूरी रह गईं। अपनी प्रतिमाओं का इंतजार कर रही उत्सव समितियों और युवाओं के सामने ऐन स्थापना से पहले परेशानी खड़ी हो गई।
रविवार को बड़ी संख्या में युवा और समिति सदस्य अपनी-अपनी गणेश प्रतिमाएं लेने के लिए मूर्तिकार के निर्माण स्थल पर पहुंचे। काफी देर तक मूर्तिकार के नहीं मिलने पर लोगों की नाराजगी बढ़ती गई। इसी दौरान मौके पर भीड़ जमा हो गई और लोगों ने दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया तथा वहां रखी अपनी-अपनी प्रतिमाओं को वाहनों में ले जाना शुरू कर दिया। मौके पर कई प्रतिमाएं अधूरी अवस्था में दिखाई दीं।
समिति सदस्यों का कहना था कि उन्होंने प्रतिमाओं के लिए एडवांस राशि जमा कर रखी है और अगले दिन गणेश प्रतिमाओं की स्थापना होना है। ऐसे में मूर्तिकार के अचानक लापता होने से उनके सामने बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। कुछ लोगों ने यह भी बताया कि रात में यहां किसी तरह का विवाद होने की जानकारी सामने आई थी, हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
मामले की सूचना मिलने पर कैंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मूर्तिकार के यहां से आधी-अधूरी प्रतिमाओं को वाहनों में ले जाते नजर आए।
फिलहाल मूर्तिकार गोविंद पाल के अचानक लापता होने का कारण और उसका वर्तमान ठिकाना स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मूर्तिकार के लापता होने और प्रतिमाओं को लेकर उत्पन्न विवाद के बाद गणेश उत्सव समितियों की चिंता बढ़ गई है।