मनासा। पंजीकृत समाचार पत्र ‘मनासा हलचल’ के नाम का दुरुपयोग कर फेसबुक पर कथित रूप से फर्जी पेज बनाकर भ्रामक एवं राजनीतिक सामग्री प्रसारित करने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर समाचार पत्र के प्रधान संपादक कुंज बिहारी सिंह कुशवाह ने पुलिस थाना मनासा में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत आवेदन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
RNI पंजीकृत समाचार पत्र के नाम का दुरुपयोग-
शिकायत के अनुसार ‘मनासा हलचल’ वर्ष 2020 से नियमित रूप से प्रकाशित हो रहा है। समाचार पत्र का RNI पंजीयन क्रमांक MPHI/2022/83896 तथा डाक पंजीयन क्रमांक 404/2023-2028 बताया गया है। आरोप है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने इसी नाम से हूबहू फेसबुक पेज बनाकर उसका संचालन शुरू कर दिया है।
भ्रामक एवं राजनीतिक पोस्ट प्रसारित करने का आरोप-
शिकायत में बताया गया है कि उक्त फेसबुक पेज के माध्यम से कथित रूप से गलत तथ्यों पर आधारित, राजनीतिक एवं भ्रामक पोस्ट प्रसारित की जा रही हैं। इससे आमजन में भ्रम की स्थिति बनने के साथ ही वास्तविक समाचार पत्र की प्रतिष्ठा प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। शिकायतकर्ता ने यह भी आशंका व्यक्त की है कि फर्जी पेज संचालक भविष्य में विद्वेषपूर्ण या भड़काऊ सामग्री प्रसारित कर सकता है।
समाचार पत्र प्रबंधन ने किया स्पष्ट-
प्रधान संपादक कुंज बिहारी सिंह कुशवाह ने स्पष्ट किया कि फर्जी फेसबुक पेज से प्रसारित किसी भी भ्रामक, गैरकानूनी या विद्वेषपूर्ण सामग्री के लिए ‘मनासा हलचल’ समाचार पत्र या उसका प्रबंधन जिम्मेदार नहीं होगा। उन्होंने कहा कि ऐसी सामग्री के लिए संबंधित फर्जी पेज संचालक ही जिम्मेदार होगा।
साइबर जांच और पेज हटाने की मांग-
शिकायत में पुलिस प्रशासन से साइबर सेल के माध्यम से फर्जी फेसबुक पेज संचालक की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है। साथ ही क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित फर्जी पेज को नियमानुसार ब्लॉक या हटाने की कार्रवाई किए जाने का आग्रह किया गया है।