शाजापुर। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में हाईवे पर वाहन से स्टंट करते दिखाई दे रहे कंटेनर चालक को सुनेरा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा। कंटेनर क्रमांक HR 55 BE 9215 को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, शाजापुर पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय एवं एसडीओपी शाजापुर कीर्ति बघेल के निर्देश पर हाईवे पर तेज गति, लापरवाही एवं शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए टीम गठित की गई थी।
कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक कंटेनर चालक नेशनल हाईवे-52 (एबी रोड) पर वाहन को लहराते हुए स्टंट करता दिखाई दे रहा था। पुलिस ने वीडियो को संज्ञान में लेकर वाहन एवं चालक की तलाश शुरू की।
इसी दौरान 16-17 सितंबर की रात पुलिस को सूचना मिली कि उक्त कंटेनर चालक हाईवे-52 पर वाहन को लहराते हुए चला रहा है। सूचना पर सुनेरा पुलिस टीम ने तत्काल पीछा कर कंटेनर को रोक लिया। चालक ने पूछताछ में अपना नाम वैभव सिंह पिता संजीव सिंह ठाकुर (25), निवासी कन्नौज, उत्तर प्रदेश बताया।
पुलिस ने चालक की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की, जिसमें उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 281 बीएनएस एवं धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया। साथ ही प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर आरोपी को जेल भेजा गया। उसके ड्राइविंग लाइसेंस के निरस्तीकरण की कार्रवाई भी की जा रही है।
कार्रवाई में इनकी रही भूमिका- उपनिरीक्षक अंकित मुकाति, प्रधान आरक्षक देवेन्द्र सिंह, मोहन पटेल, आरक्षक अखिलेश भंडारी, ब्रजमोहन, तेजपाल सिंह, अरुण यादव, राहुल, गोविन्द, सुनील राजपूत, रुदेंद्र एवं चालक शैलेन्द्र सिंह तोमर का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
पुलिस की अपील: जिला पुलिस ने आमजन से शराब के नशे में वाहन नहीं चलाने और हाईवे अथवा सार्वजनिक मार्गों पर स्टंटबाजी नहीं करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके।