नीमच। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर उपज के उपार्जन के लिए ई-उपार्जन परियोजना के तहत किसान पंजीयन 15 सितंबर से शुरू हो गया है। किसान 10 अक्टूबर 2026 तक अपना पंजीयन करा सकते हैं। इस वर्ष सभी किसानों के लिए नवीन पंजीयन कराना अनिवार्य किया गया है। पूर्व वर्षों का पंजीयन मान्य नहीं होगा।
जिले में किसानों की सुविधा के लिए विपणन सहकारी समिति मनासा, जावद एवं नीमच सिटी में तीन पंजीयन केंद्र स्थापित किए गए हैं। पंजीयन के लिए किसानों को आवेदन पत्र के साथ बैंक खाता, आधार नंबर, समग्र आईडी, खसरा पावती एवं ऋण पुस्तिका की छायाप्रति प्रस्तुत करनी होगी। शिकमी भूमि होने की स्थिति में शिकमी अनुबंध-पत्र की प्रति भी देना होगी।
किसान ई-उपार्जन पोर्टल, ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत एवं तहसील कार्यालयों में स्थापित सुविधा केंद्रों तथा सहकारी समितियों, स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) और एफपीओ द्वारा संचालित पंजीयन केंद्रों पर निःशुल्क पंजीयन करा सकते हैं।
इसके अलावा एमपी ऑनलाइन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेंटर, लोक सेवा केंद्र एवं निजी साइबर कैफे पर 50 रुपये शुल्क देकर पंजीयन कराया जा सकता है।
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए 10 अक्टूबर 2026 से पहले अनिवार्य रूप से पंजीयन करा लें, ताकि समर्थन मूल्य पर उपज विक्रय के समय किसी प्रकार की परेशानी न हो।