नीमच। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा अवैध मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी नशाविरोधी अभियान के तहत रतनगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 141 किलो 800 ग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने मौके से एक बोलेरो नियो कार सहित एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि एक अन्य व्यक्ति पुलिस के अनुसार अंधेरे और जंगल का लाभ उठाकर फरार हो गया।
यह कार्रवाई उप पुलिस महानिरीक्षक रतलाम रेंज रतलाम निमिष अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक नीमच राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं एसडीओपी जावद हर्ष राठौर के मार्गदर्शन में रतनगढ़ थाना पुलिस टीम द्वारा की गई।
चेकिंग के दौरान बोलेरो को रोकने का किया प्रयास-
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर 2026 की रात रतनगढ़ थाना पुलिस टीम मध्यप्रदेश-राजस्थान सीमा पर ग्राम काकरिया तलाई में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान काकरिया तलाई की ओर से एक बोलेरो नियो कार आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने वाहन को रोकने का प्रयास किया तो चालक के पास वाली सीट पर बैठा एक व्यक्ति कार से उतरकर जंगल की ओर भाग गया। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया, लेकिन वह अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
वहीं, पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन चालक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम योगेन्द्र सिंह उर्फ जोनी पिता गोपाल सिंह राठौड़, उम्र 34 वर्ष, निवासी ग्राम सूपा, थाना केकड़ी सदर, जिला अजमेर (राजस्थान) बताया। पुलिस के अनुसार, उसने मौके से भागे व्यक्ति का नाम गणेश पिता हेमराज धाकड़, निवासी ग्राम काकरिया तलाई, थाना रतनगढ़, जिला नीमच बताया।
7 कट्टों में भरा था डोडाचूरा-
पुलिस ने बोलेरो नियो की तलाशी ली तो उसमें 7 काले रंग के प्लास्टिक के कट्टों में कुल 141 किलो 800 ग्राम डोडाचूरा भरा मिला। पुलिस ने डोडाचूरा, वाहन और मोबाइल फोन जब्त कर आरोपी योगेन्द्र सिंह उर्फ जोनी राठौड़ को गिरफ्तार कर लिया।
यह मशरूका किया जब्त-
141 किलो 800 ग्राम डोडाचूरा, अनुमानित कीमत 21 लाख 27 हजार रुपए।
एक बिना नंबर की काले रंग की बोलेरो नियो कार, कीमत 8 लाख रुपए।
तीन एंड्रॉयड मोबाइल, कीमत 30 हजार रुपए।
पुलिस ने मामले में गिरफ्तार आरोपी योगेन्द्र सिंह उर्फ जोनी पिता गोपाल सिंह राठौड़ के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं गणेश पिता हेमराज धाकड़ को पुलिस ने फरार बताया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
रतनगढ़ पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका-
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भूरालाल भाबर एवं रतनगढ़ थाना पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।