देवरी खवासा। भगवान श्री देवनारायण के घोड़े लीलाधर की भादवी छठ के पावन अवसर पर गुरुवार, 17 सितंबर को ग्राम देवरी खवासा स्थित भगवान श्री देवनारायण मंदिर में खीर प्रसादी का आयोजन किया गया। गुर्जर समाज युवा मित्र मंडल के तत्वावधान में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामवासियों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ सहभागिता की।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री देवनारायण की विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती के साथ हुई। इसके बाद खीर की महाप्रसादी तैयार कर श्रद्धालुओं के बीच वितरित की गई। ग्रामवासियों ने श्रद्धापूर्वक प्रसादी ग्रहण कर धर्मलाभ लिया।
धार्मिक आयोजन के दौरान महिलाओं ने ढोल की थाप पर पारंपरिक नृत्य किया। महिलाओं के नृत्य और भक्ति गीतों से मंदिर परिसर में उत्साह और भक्तिमय वातावरण बना रहा। आयोजन में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
वर्षों से निभाई जा रही परंपरा
गौरतलब है कि गुर्जर समाज युवा मित्र मंडल द्वारा पिछले कई वर्षों से भादवी छठ के अवसर पर भगवान श्री देवनारायण मंदिर में खीर की महाप्रसादी बनाने और वितरित करने की परंपरा निभाई जा रही है।
युवा मित्र मंडल की इस धार्मिक पहल में ग्रामवासियों का भी लगातार सहयोग मिलता रहा है। इसी सहभागिता के चलते हर वर्ष यह आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न होता है।