नीमच। नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्यप्रदेश के निर्देश तथा जिला कलेक्टर एवं अपर कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले में होटल, रेस्टोरेंट एवं रिसॉर्ट के निरीक्षण का अभियान जारी है। 12 से 16 सितंबर तक खाद्य सुरक्षा टीम ने 9 संस्थानों का आकस्मिक निरीक्षण कर 10 खाद्य नमूने जांच के लिए लिए। कमियां पाए जाने पर 6 संस्थानों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32 के तहत नोटिस जारी किए गए।
अभियान के तहत 16 सितंबर को सीआरपीएफ चौराहा स्थित द फूड टॉक कैफे एंड रेस्टोरेंट के निरीक्षण के दौरान एक्सपायरी डेट के बाद भी खाद्य पदार्थ भंडारित पाए गए। टीम के अनुसार, इनका उपयोग खाद्य पदार्थों के निर्माण में किया जा रहा था। मौके से अग्रवालस 420 पापड़ के 400 ग्राम के 7 पैकेट, अमूल टोंड मिल्क के 1 लीटर के 3 पैकेट तथा डी-मार्ट जीरा का 1 किलोग्राम का 1 पैकेट मिला।
खाद्य सुरक्षा टीम के निर्देश पर संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता ने मौके पर ही एक्सपायरी खाद्य पदार्थों को नष्ट किया। मामले में आवश्यक दस्तावेज तैयार कर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। खाद्य अनुज्ञप्ति की शर्तों का पालन नहीं पाए जाने पर धारा 32 के तहत नोटिस भी जारी किया गया। प्रकरण नियमानुसार स्वीकृति के बाद न्यायालय/एडीएम कोर्ट में प्रस्तुत किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान किचन एवं उपकरणों की स्वच्छता, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण तथा एक्सपायरी/यूज्ड बाय डेट और लेबल की जांच पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। लिए गए खाद्य नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट में अधिनियम का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के तहत होटल स्वास्तिक चल्दू, सालासर होटल एवं रिसॉर्ट बायपास रोड, वृंदावन ग्रीन कनावटी, एचआई-एफआई फैमिली रेस्टोरेंट सीआरपीएफ चौराहा तथा द फूड टॉक कैफे एंड रेस्टोरेंट सहित कुल 6 संस्थानों को धारा 32 के तहत नोटिस जारी किए गए हैं। संबंधित संस्थानों को कमियां दूर कर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करना होगा। खाद्य सुरक्षा विभाग का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।