जबलपुर। आर्थिक अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) ने भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति के मामले में बालाघाट में बड़ी कार्रवाई की है। ईओडब्ल्यू की टीम ने सेवा सहकारी समिति के प्रभारी विलास चौरे के घर और अन्य ठिकानों पर दबिश देकर दस्तावेजों और संपत्तियों की जांच शुरू की है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विलास चौरे के पास उनकी ज्ञात आय की तुलना में करीब चार गुना अधिक संपत्ति है। जांच के दौरान ईओडब्ल्यू को कुल 14 वाहनों की जानकारी मिली है, जिनमें 5 बसें, 2 ट्रैक्टर, 4 चार पहिया वाहन और 3 मोटरसाइकिल शामिल हैं।
इसके अलावा करीब 50 लाख रुपए कीमत का मकान और लगभग 10 लाख रुपए की जमीन भी जांच के दायरे में सामने आई है। ईओडब्ल्यू की टीम ने पति-पत्नी के नाम से तीन अलग-अलग बैंकों में संचालित खातों की जानकारी मिलने के बाद उन्हें सील कर दिया है।
2 करोड़ से ज्यादा संपत्ति की जांच
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक विलास चौरे से जुड़ी संपत्तियों का अनुमानित मूल्य 2 करोड़ रुपए से अधिक बताया जा रहा है। हालांकि ईओडब्ल्यू द्वारा जब्त दस्तावेजों और संपत्तियों का विस्तृत मूल्यांकन अभी जारी है। जांच पूरी होने के बाद संपत्ति और आय के बीच वास्तविक अंतर स्पष्ट हो सकेगा।
ईओडब्ल्यू की टीम ने कार्रवाई के दौरान घर और अन्य ठिकानों से महत्वपूर्ण दस्तावेज जुटाए हैं। इन दस्तावेजों के आधार पर संपत्तियों के स्रोत और वित्तीय लेन-देन की जांच की जा रही है।
अधिकारियों के मुताबिक जांच आगे बढ़ने के साथ मामले में पूछताछ का दायरा बढ़ सकता है। फिलहाल ईओडब्ल्यू की कार्रवाई और दस्तावेजों की जांच जारी है।