मनासा। ग्राम नया मालाहेड़ा में गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे किसान के उड़द के खेत में करीब 8 फीट लंबा अजगर दिखाई देने से ग्रामीणों में हलचल मच गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू किया। बाद में उसे उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम नया मालाहेड़ा निवासी पिरूलाल पिता नंदलाल माली ने खेत में उड़द की फसल के बीच अजगर दिखाई देने की सूचना वन विभाग के उपवनमंडलाधिकारी मनासा कुलदीप सिंह ठाकुर को दी। सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्राधिकारी मनासा के माध्यम से रेस्क्यू टीम को मौके पर भेजा गया।
मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लगभग 8 फीट लंबे और करीब 15 किलो वजनी अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया गया। वन विभाग के अनुसार अजगर पूरी तरह स्वस्थ था। रेस्क्यू के बाद उसे उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
रेस्क्यू टीम का रहा विशेष योगदान-
अजगर के सफल रेस्क्यू में महेश पाटीदार, बीट प्रभारी रावतपुरा एवं भानुप्रताप सिंह चुंडावत, बीट जमुनिया, मनासा का विशेष योगदान रहा। वहीं शासकीय वाहन उड़नदस्ता चालक प्रेम सिंह गौड़ ने भी रेस्क्यू अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।