पिपलियामंडी। पिपलियामंडी चौपाटी पर एमपीआरडीसी की हाईमास्ट लाइट करीब दो माह से बंद पड़ी है। इसके विरोध में गुरुवार को नगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने हाईमास्ट के पोल पर माला चढ़ाई, अगरबत्ती लगाई और नारियल चढ़ाया। इसके बाद दो मिनट का मौन रखकर बंद पड़ी हाईमास्ट लाइट को श्रद्धांजलि दी।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाईमास्ट लाइट को जल्द चालू कराने के साथ ही चौपाटी और फोरलेन से जुड़ी अन्य समस्याओं का निराकरण करने की मांग की।
कांग्रेस ने फोरलेन की कमियों पर उठाए सवाल-
जिला कांग्रेस महासचिव अनिल शर्मा ने कहा कि लेबड़ से नयागांव तक बने फोरलेन पर कई कमियां हैं। उनके अनुसार, इन कमियों के कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद सड़क से जुड़ी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया। शर्मा ने कहा कि हादसों में लोगों की जान जा रही है, जबकि टोल कंपनी द्वारा नियमित रूप से टोल वसूली की जा रही है।
राजस्थान और आसपास के गांवों के लिए महत्वपूर्ण है चौपाटी-
जिला कांग्रेस महासचिव तुलसीराम पाटीदार ने कहा कि पिपलियामंडी चौपाटी से राजस्थान सहित आसपास के कई गांवों के लोगों का आवागमन होता है। उन्होंने कहा कि हादसों को रोकने के लिए फोरलेन निर्माण करने वाली कंपनी और एमपीआरडीसी की ओर से अब तक ठोस समाधान नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि चौपाटी का यह क्षेत्र पहले से ही ब्लैक स्पॉट घोषित है।
सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी-
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजेश मालेचा ने कहा कि यदि सड़क से जुड़ी कमियों को जल्द दूर नहीं किया गया तो कांग्रेस फोरलेन निर्माण करने वाली कंपनी के खिलाफ बड़ा आंदोलन करेगी।
प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस संयुक्त सचिव मुकेश पोरवाल, नगर कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उणियारा, प्रदेश युवक कांग्रेस महासचिव विनोद पटेल, एनएसयूआई ब्लॉक अध्यक्ष ओमप्रकाश ररोतिया, भेरूपप्पू गुर्जर, अनिल मुलासिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।