खरगोन/कसरावद। चौकी खलटाका पुलिस ने विद्युत ट्रांसफार्मर से ऑयल चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 40 लीटर विद्युत ट्रांसफार्मर ऑयल बरामद किया है, जिसकी कीमत लगभग 8 हजार 800 रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश, एसडीओपी श्वेता शुक्ला के मार्गदर्शन तथा बलकवाड़ा थाना प्रभारी सागर चौहान और चौकी प्रभारी मिथुन चौहान के नेतृत्व में क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस टीम ने विद्युत ट्रांसफार्मर से ऑयल चोरी करने के आरोप में करण डावर, पिता सुभाष डावर, उम्र 22 वर्ष, निवासी लिम्बेड़ी को गिरफ्तार किया।
थाना प्रभारी सागर चौहान ने बताया कि आरोपी से 40 लीटर ऑयल विधिवत जब्त किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ थाना ठीकरी और थाना बलकवाड़ा में पूर्व से भी अपराध दर्ज हैं।
एक सप्ताह में तीसरी बड़ी सफलता
पुलिस के अनुसार, पिछले सप्ताह ही टीम ने विद्युत ट्रांसफार्मर से ऑयल चोरी करने वाले एक गिरोह को पकड़ा था। वहीं, ऑयल चोरी और अन्य चोरी के मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी के क्रम में पुलिस ने एक सप्ताह के भीतर यह तीसरी बड़ी सफलता हासिल की है।
इस कार्रवाई में बलकवाड़ा थाना एवं खलटाका चौकी पुलिस टीम के साथ खरगोन साइबर सेल का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। पुलिस की लगातार कार्रवाई को लेकर क्षेत्रवासियों द्वारा पुलिस टीम की प्रशंसा की जा रही है।