नीमच। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने एवं जन्मदिवस के अवसर पर शासन द्वारा शुरू किए गए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुरुवार को रेडक्रॉस परिसर, नीमच में गैर-संचारी रोग (एनसीडी) स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया गया। अभियान के अंतर्गत जिलेभर की विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं में माहभर स्वास्थ्य परीक्षण एवं जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
शिविर में नागरिकों के ब्लड प्रेशर, डायबिटीज सहित विभिन्न गैर-संचारी रोगों से संबंधित आवश्यक स्वास्थ्य जांच की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा नागरिकों को गैर-संचारी रोगों की समय पर पहचान, रोकथाम, उपचार एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया। सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र पाटिल ने जिले में माहभर आयोजित होने वाले एनसीडी शिविरों की जानकारी देते हुए नागरिकों से इनका लाभ लेने की अपील की।
स्वास्थ्य सेवाओं को मिल रहा विस्तार-
कार्यक्रम में जिले की स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी उपलब्धियों की जानकारी दी गई। बताया गया कि हाल ही में जिले में 76 चिकित्सकों की पदस्थापना की गई है। इन चिकित्सकों को जिला चिकित्सालय के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में पदस्थ किया जाएगा। इससे ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलने की उम्मीद है। साथ ही, विगत वर्षों में जिले में मातृ मृत्यु दर एवं शिशु मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी दर्ज किए जाने की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चौपड़ा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा एवं विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से आमजन को मिल रहे लाभों की जानकारी दी।
जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा भाव का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्र को परिवार मानकर जनसेवा के संकल्प के साथ कार्य करने की भावना देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण-
शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चौपड़ा सहित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
कार्यक्रम में वंदना खंडेलवाल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश प्रसाद सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।