चित्तौड़गढ़। निकुंभ थाना पुलिस एवं डीएसटी की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निकुंभ चौराहा स्थित एक मोबाइल एवं इलेक्ट्रॉनिक दुकान पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान दुकान के काउंटर की दराज एवं पीछे स्थित मकान के कमरे से 187 ग्राम एमडी पाउडर, 392 ग्राम अवैध अफीम, गांजा, 1 लाख 8 हजार रुपये नकद तथा अन्य सामग्री बरामद की गई। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि उदयपुर रेंज पुलिस महानिरीक्षक के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा एवं वृताधिकारी बड़ीसादड़ी हरिश चंद्र सिंह के निकटतम पर्यवेक्षण में निकुंभ थानाधिकारी प्रभु सिंह चुंडावत के नेतृत्व में पुलिस टीम एवं डीएसटी टीम ने 16 सितंबर की शाम मुखबिर की सूचना पर निकुंभ चौराहा स्थित आशा मोबाइल एंड इलेक्ट्रॉनिक दुकान पर दबिश दी।
पुलिस के अनुसार दुकान संचालक अनिल मेनारिया एवं उसके सहयोगी पंकज मेघवाल के कब्जे से काउंटर की दराज तथा दुकान के पीछे स्थित मकान के कमरे से मादक पदार्थ एवं नकदी बरामद की गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस आरोपियों से बरामद मादक पदार्थों के सप्लायर तथा खरीद-फरोख्त में शामिल अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी-
- अनिल मेनारिया पिता शांतिलाल मेनारिया, उम्र 41 वर्ष, निवासी निकुंभ।
- पंकज मेघवाल पिता पुरण मेघवाल, उम्र 22 वर्ष, निवासी खरदेवला, थाना बड़ीसादड़ी, जिला चित्तौड़गढ़।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम-
थाना निकुंभ: थानाधिकारी प्रभु सिंह, एएसआई सुरेंद्र सिंह, कांस्टेबल सूर्यपाल सिंह, संदीप, नगजीराम एवं विजेश कुमार।
डीएसटी: एएसआई भूपेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल राजदीप सिंह, कांस्टेबल विक्रम, दीपक कुमार, विजय कुमार एवं दुर्गाराम।