नीमच। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मध्यप्रदेश में शुरू किए गए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जिला अस्पताल नीमच में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में नागरिकों एवं रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में योगदान दिया।
शिविर में रक्तदान करने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच के बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया।
रक्तदान को महत्वपूर्ण सामाजिक सेवा बताते हुए कहा गया कि स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान दुर्घटना, प्रसव, गंभीर बीमारी एवं अन्य आपात परिस्थितियों में मरीजों के उपचार में उपयोगी होता है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से जिले में जनभागीदारी के साथ स्वास्थ्य एवं सेवा से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
रक्तदान शिविर का जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान, कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्वाति चौपड़ा, श्रीमती वंदना खंडेलवाल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश प्रसाद, सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र पाटिल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने अवलोकन किया। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।