नीमच। जनपद पंचायत नीमच में गुरूवार को “नमो युवा शक्ति खेलकूद प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नीमच विधायक द्वारा किया गया। इस दौरान विधायक ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में जिलेभर के स्व-सहायता समूहों से जुड़ी 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग की महिला सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। महिलाओं ने लूडो, बैडमिंटन और शतरंज सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं में खेलों को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों एवं समूहों को प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर प्रमाण-पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
आयोजन का उद्देश्य स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से मंच उपलब्ध कराना तथा उनमें आत्मविश्वास और सहभागिता की भावना को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला प्रतिभागी एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।