रीवा। सेवा संकल्प अभियान के तहत संभागीय मुख्यालय रीवा के कृष्णा राज कपूर ऑडिटोरियम में वृहद स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने स्वयं रक्तदान कर शिविर का शुभारंभ किया। पूर्व विधायक केपी त्रिपाठी, वीरेंद्र गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी रक्तदान किया। शिविर में रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेंद्र सिंह सहित अधिकारी, कर्मचारी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।
रक्तदान को बताया पीड़ित मानवता की सेवा का माध्यम
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर देशभर में रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। रक्तदान महादान है और पीड़ित मानवता की सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। दुर्घटना में घायल लोगों और गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों के उपचार में रक्त की आवश्यकता होती है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि स्वस्थ और पात्र व्यक्ति स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आएं और जरूरतमंदों की जीवन रक्षा में अपना योगदान दें।
18 से 65 वर्ष के पात्र व्यक्ति कर सकते हैं रक्तदान
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सामान्य तौर पर स्वस्थ 18 से 65 वर्ष आयु वर्ग के पात्र व्यक्ति चिकित्सकीय जांच के बाद रक्तदान कर सकते हैं। नियमित रक्तदान के लिए निर्धारित अंतराल और रक्त केंद्र की चिकित्सकीय सलाह का पालन किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि स्वयं रक्तदान करने से उन्हें आत्मिक प्रसन्नता हुई और अधिक से अधिक नागरिकों को इस सेवा कार्य में सहभागी बनना चाहिए।
इन स्वास्थ्य केंद्रों पर भी रक्तदान शिविर
रीवा जिले में इच्छुक और पात्र नागरिक मनगवां, जवा, सिरमौर, सेमरिया, गंगेव और गोविंदगढ़ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के साथ त्योंथर के सिविल अस्पताल में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों में पहुंचकर रक्तदान कर सकते हैं। नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर पीड़ित मानवता की सेवा में योगदान देने की अपील की गई है।