दूदरसी। प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी भादवा सुदी छठ को भगवान श्री देवनारायण का जन्मोत्सव बड़ी धूमधाम व हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। भगवान देवनारायण मंदिर से प्रातः 9 बजे शोभायात्रा निकाली गई, ट्रेक्टर को सुसज्जित कर उसमें भगवान श्री देवनारायण की प्रतिमा रखी गई। प्रतिमा की पूजा अर्चना कर शोभायात्रा को पंडा किशनलाल धनगर ने रवाना किया। शोभायात्रा में गांव के बड़े बुजुर्ग युवा एवं महिलाओं ने बढ़-चढ़ कर अपनी सहभागिता करते हुए अपनी आस्था का इजहार किया।
शोभायात्रा जहां जहां गांव से निकली लोगों ने भगवान देवनारायण की पुष्प वर्षा कर आरती उतारी एवं आशीर्वाद प्राप्त किया। शोभायात्रा में लोगों का उत्साह देखने लायक था,लोग भगवान देवनारायण की जय के नारे लगा रहे थे तो महिलाएं मंगल गीत गाती हुई शोभायात्रा को भक्तिमय बना रही थी।
शोभायात्रा पूरे गांव की परिक्रमा करती हुई पुनः देवनारायण मंदिर आई जहां भगवान देवनारायण की आरती की गई। तत्पश्चात मंदिर परिसर में उपस्थित सभी श्रृद्धालुओं को मिठाई वितरित की गई।
भादवी छठ को पूरे देश में धुमधाम के साथ मनाया जाता है यहां भी भगवान देवनारायण के मंदिर पर रात्रि जागरण का आयोजन किया जाएगा रात 12 बजे महाआरती की जाएगी और भगवान देवनारायण को खीर के प्रसाद का भोग लगाया जाएगा और वहां उपस्थित सभी भक्तों को खीर प्रसाद वितरित की जाएगी।