देवास। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर चलाए जा रहे “सेवा संकल्प अभियान” के तहत गुरुवार को देवास जिले भर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। महात्मा गांधी जिला चिकित्सालय देवास परिसर में आयोजित शिविर में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों तथा स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता कर रक्तदान किया।
शिविरों का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त एवं सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही आमजन में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। जनसहयोग से आयोजित इन शिविरों में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर मानव सेवा के इस अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
अतिथियों ने कहा कि युवाओं में सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देने के लिए ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण हैं। युवाओं ने उत्साह के साथ रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सरोजनी जेम्स बेक ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद मरीज के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने आमजन से रक्तदान के प्रति जागरूक होने और ऐसे सेवा कार्यों में अधिकाधिक सहभागिता की अपील की।
जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की अपील पर विभिन्न सामाजिक, स्वयंसेवी, शैक्षणिक एवं आध्यात्मिक संस्थाओं सहित नागरिकों ने रक्तदान शिविरों में सहभागिता की। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इन शिविरों के माध्यम से जनभागीदारी, सेवा और सामाजिक सरोकार का संदेश दिया गया।