इंदौर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन गुरुवार को इंदौर पहुंचे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। इंदौर के बाद नितिन नबीन उज्जैन और मंदसौर भी जाएंगे।
इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को भाजपा ‘सेवा संकल्प’ के रूप में मना रही है। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश में इसी अवसर पर स्वामित्व योजना के तहत अभियान की शुरुआत की गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में आबादी की भूमि की रजिस्ट्री कराने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। मुख्यमंत्री के अनुसार, मध्य प्रदेश देश का पहला राज्य होगा जहां ग्रामीणों की निशुल्क रजिस्ट्री की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 17 सितंबर को विश्वकर्मा जयंती भी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई पीएम विश्वकर्मा योजना के माध्यम से पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों को अपनी कला एवं हुनर को आगे बढ़ाने के अवसर मिल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन पहली बार देवी अहिल्याबाई होलकर की नगरी इंदौर पहुंचे हैं। एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल गांधीनगर तक उनका जोरदार स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे खुले वाहन में रैली के रूप में कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे।
उज्जैन के रामघाट से अभियान की शुरुआत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा मध्य प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चला रही है। अभियान की शुरुआत गुरुवार शाम 7 बजे उज्जैन के रामघाट से होगी।
यहां भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पार्टी के वरिष्ठ नेता शिप्रा नदी पर ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित करेंगे। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को इस अभियान के तहत ‘सेवा पर्व’ के रूप में मनाया जा रहा है।
अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदेश के सभी बूथों पर विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही लाभार्थियों के घरों पर दीप प्रज्ज्वलित करने का कार्यक्रम भी रखा गया है।