नीमच। रैम्प कार्यक्रम के तहत मध्यप्रदेश के मसाला उद्योग से जुड़े 35 एमएसएमई प्रतिनिधियों को सीएसआईआर-सेन्ट्रल फूड टेक्नोलॉजिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट (सीएफटीआरआई), मैसूर की एक्सपोजर विजिट पर भेजा जा रहा है। इसमें नीमच जिले के 6 उद्यमी भी शामिल हैं।
15 से 19 सितंबर 2026 तक आयोजित इस एक्सपोजर विजिट में उद्यमियों को मसाला प्रसंस्करण, उत्पादों में मूल्य संवर्धन, गुणवत्ता प्रबंधन, खाद्य सुरक्षा, पैकेजिंग, भंडारण और आधुनिक खाद्य प्रसंस्करण तकनीकों की जानकारी दी जा रही है। साथ ही उन्हें इन तकनीकों का व्यावहारिक अनुभव भी मिलेगा।
जिले के प्रतिभागियों को 15 सितंबर को इंदौर से मैसूर के लिए रवाना किया गया। एक्सपोजर विजिट पूरी होने के बाद सभी प्रतिभागी 19 सितंबर को वापस लौटेंगे। यात्रा, ठहरने और भोजन का व्यय एमएसएमई विभाग द्वारा वहन किया जा रहा है।
इस विजिट के माध्यम से उद्यमियों को नई तकनीकों और आधुनिक प्रसंस्करण विधियों की जानकारी मिलने से उत्पादन की गुणवत्ता में सुधार, लागत में कमी तथा उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।