कुकड़ेश्वर। नगर में सनातन परंपरा के अनुसार भगवान विश्वकर्मा पूजन एवं महापुराण कथा का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। ब्रह्मांड के प्रथम वास्तुकार, शिल्पकार एवं इंजीनियर भगवान श्री विश्वकर्मा की आराधना करते हुए मशीनों, औजारों एवं कार्यस्थलों की विशेष पूजा-अर्चना की गई।
वैदिक पंचांग के अनुसार 17 सितंबर को श्री विश्वकर्मा सुधार समाज द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भगवान विश्वकर्मा के पूजन के साथ महापुराण कथा का आयोजन हुआ। दोपहर 12 बजे भगवान श्री विश्वकर्मा का पूजन-अर्चन एवं विश्वकर्मा पुराण का संगीतमय वाचन किया गया। भक्ति भजनों पर महिला एवं पुरुष श्रद्धालु झूम उठे।
शाम 4 बजे भगवान श्री विश्वकर्मा पुराण कथा के विश्राम अवसर पर आरती की गई। कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष उर्मिला पटवा एवं अध्यक्ष प्रतिनिधि महेंद्र पटवा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस अवसर पर नगर की प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया गया। कक्षा 10वीं की छात्रा भूमिका अर्जुन शर्मा, कक्षा 12वीं के छात्र शुभम दिनेश शर्मा तथा कक्षा 12वीं की छात्रा चाहत श्यामलाल शर्मा को क्रमशः प्रथम स्थान प्राप्त करने पर शील्ड एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष उर्मिला पटवा, अध्यक्ष प्रतिनिधि महेंद्र पटवा ने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम नगर अध्यक्ष श्याम दरोलिया की उपस्थिति में संपन्न हुआ। संचालन दिलीप शर्मा ने किया। अंत में ओम प्रकाश विश्वकर्मा ने आभार व्यक्त किया।