चित्तौड़गढ़। जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने गुरुवार को सूचना केंद्र स्थित नवनिर्मित ई-लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, तैयारी और करियर से जुड़ी आवश्यकताओं की जानकारी ली।
जिला कलक्टर ने विद्यार्थियों से कहा कि आज की मेहनत और सही दिशा में की गई तैयारी ही बेहतर भविष्य की नींव रखती है। विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहते हुए नियमित अध्ययन और समय प्रबंधन पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने मोबाइल फोन का आवश्यकता के अनुसार सीमित उपयोग करने तथा उपलब्ध अध्ययन संसाधनों का अधिकतम लाभ उठाने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की आवश्यकताओं के अनुरूप ई-लाइब्रेरी में अध्ययन सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। जिला कलक्टर ने नगर परिषद आयुक्त रविंद्र यादव को लाइब्रेरी में बेहतर इंटरनेट सुविधा, प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित उपयोगी पुस्तकें और आवश्यक अध्ययन सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है।
जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लाइब्रेरी में अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो तथा उनकी आवश्यकताओं के अनुसार सुविधाओं का निरंतर विस्तार किया जाए।
सहायक निदेशक टीआर कंडारा ने बताया कि लाइब्रेरी में विद्यार्थियों को इंटरनेट सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही, समय-समय पर विषय विशेषज्ञों द्वारा विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया जाएगा। वाचनालय का संचालन राजकीय एवं सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर प्रतिदिन सुबह 9.30 बजे से शाम 7.30 बजे तक रहेगा।
निरीक्षण के दौरान जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, अतिरिक्त जिला कलक्टर (भू-अ) राजलक्ष्मी गहलोत, नगर परिषद आयुक्त रविंद्र यादव, सूचना केंद्र के सहायक निदेशक तुलसीराम कंडारा सहित विभिन्न अधिकारी एवं कार्यालय स्टाफ मौजूद रहे।