इंदौर। आगामी 19 सितंबर को इंदौर के भारत जोड़ो मैदान में होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। आयोजन स्थल पर मंच, डोम और अन्य व्यवस्थाओं का काम तेजी से चल रहा है। कांग्रेस नेता लगातार कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं।
इसी क्रम में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी भारत जोड़ो मैदान पहुंचे और आयोजन स्थल पर चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए दिए जला रही है, जबकि राहुल गांधी छात्रों की पुकार सुन रहे हैं।
सिंघार ने आरोप लगाया कि देश में तानाशाही का राज चल रहा है। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर लाठीचार्ज कर छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास किया गया, लेकिन लाठी-डंडों से लाखों छात्रों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने इंदौर में होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर भी बाधाएं उत्पन्न किए जाने का आरोप लगाया।
वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी कार्यक्रम स्थल पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया। कांग्रेस की ओर से कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्रों और युवाओं के पहुंचने की बात कही जा रही है।
19 सितंबर को होने वाले इस कार्यक्रम में राहुल गांधी छात्रों और युवाओं से संवाद करेंगे। आयोजन स्थल को ‘भारत जोड़ो मैदान’ नाम दिया गया है और कार्यक्रम के लिए तैयारियां अंतिम दौर में हैं।