दतिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार को दतिया के किला चौक पर ‘एक दिया सेवा के नाम’ कार्यक्रम के तहत दीप उत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, व्यापारी और नगरवासी मौजूद रहे। डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने आमजन और कार्यकर्ताओं के साथ दीप प्रज्ज्वलित किए। इस दौरान किला चौक दीपों की रोशनी से जगमगा उठा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का जीवन राष्ट्र, गरीब और गांव के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने गरीब परिवारों को पक्के आवास, गांवों में नल से जल और विद्युतीकरण जैसे कार्यों का जिक्र किया।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन सेवा और जनकल्याण के संकल्प के साथ मनाने का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने दीप जलाकर सेवा और सुशासन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, व्यापारी एवं आमजन उपस्थित रहे।