चित्तौड़गढ़। आगामी सितंबर-अक्टूबर में आयोजित होने वाले विभिन्न त्योहारों, पर्वों एवं जयंती दिवसों को लेकर जिला मजिस्ट्रेट डॉ. मंजू की अध्यक्षता में बुधवार को कलक्ट्रेट समिति कक्ष में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की तैयारियों, आवश्यक व्यवस्थाओं तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति की विभागवार समीक्षा की गई।
जिला मजिस्ट्रेट ने गणेश चतुर्थी, रामदेव जयंती, तेजादशमी एवं खेजड़ली शहीद दिवस, जलझूलनी एकादशी, संवत्सरी, अनंत चतुर्दशी, नवरात्रा स्थापना, महाराजा अग्रसेन जयंती, दुर्गाष्टमी, महानवमी और विजयादशमी सहित आगामी पर्वों के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जलझूलनी एकादशी मेले में विशेष व्यवस्थाओं के निर्देश-
जिला मजिस्ट्रेट ने सांवलियाजी (मंडफिया) जलझूलनी एकादशी मेले में संभावित श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात एवं भीड़ प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलझूलनी एकादशी पर निकलने वाले बेवाण एवं शोभायात्रा में बैंड-बाजे और ढोल के साथ आयोजन किया जा सकेगा।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव ने त्योहारों एवं मेलों के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात करने तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध आवश्यक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया।
सीसीटीवी और ड्रोन से होगी निगरानी-
जिला मजिस्ट्रेट ने प्रमुख मेला स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर परिषद आयुक्त को गोल प्याऊ क्षेत्र में बड़ी स्क्रीन लगाने तथा ड्रोन के माध्यम से निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने संबंधित विभागों को ढीले एवं झूलते बिजली के तारों को दुरुस्त करने, शहर एवं नदी क्षेत्र में विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आवश्यक बैरिकेडिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही कंट्रोल रूम की स्थापना, यातायात प्रबंधन एवं आपातकालीन व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने को कहा।
बीएसएनएल, सार्वजनिक निर्माण विभाग, नगर परिषद, यूआईटी सहित संबंधित विभागों को अपने-अपने दायित्वों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर दिनेश धाकड़ ने विभागवार तैयारियों की समीक्षा की। अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा ने पुलिस विभाग की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था संबंधी तैयारियों की जानकारी दी।
इस दौरान उपखंड अधिकारी दिलीप सिंह, यूआईटी सचिव कैलाश चंद्र गुर्जर, नगर परिषद आयुक्त रविंद्र यादव सहित पुलिस एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।