चित्तौड़गढ़। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर 1 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके लिए वृद्ध कल्याण, सामाजिक, सांस्कृतिक, कला एवं साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली संस्थाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक चंद्र प्रकाश जीनगर ने बताया कि इच्छुक संस्थाएं एवं वरिष्ठ नागरिक निर्धारित प्रारूप में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। आवेदन में नाम, पिता का नाम, आयु, पता, संपर्क सूत्र, पूर्व में जिला, राज्य अथवा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त सम्मान तथा किए गए उल्लेखनीय कार्यों का विवरण अंकित करना होगा।
निर्धारित आवेदन प्रारूप विभागीय वेबसाइट अथवा जिला कार्यालय, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग से प्राप्त किया जा सकता है। इच्छुक आवेदक 23 सितंबर 2026 को शाम 5 बजे तक अपना आवेदन जिला कार्यालय, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, गाड़िया लौहार विद्यालय परिसर, प्रतापनगर चौराहा, चित्तौड़गढ़ में जमा करा सकते हैं।