सिंगोली। नीमच जिले के सिंगोली कस्बे में बुधवार को श्वेतांबर जैन समाज द्वारा पर्युषण पर्व के समापन अवसर पर क्षमापना महापर्व श्रद्धा और हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर स्थानकवासी जैन श्रावक संघ एवं मूर्ति पूजक श्रीसंघ द्वारा धार्मिक आयोजन किए गए तथा शोभायात्रा निकाली गई।
कस्बे के श्री वर्धमान जैन स्थानक भवन में आचार्य श्री विजयराज जी मा.सा. की सुशिष्या पूज्या गुरुणी श्री अभिलाषाश्री जी मा.सा. आदि ठाणा-6 चातुर्मास के लिए विराजित हैं। पूज्या गुरुणीश्री महाराज सा. के सानिध्य में निरंतर धार्मिक गतिविधियां एवं धर्माराधना हो रही है।
बुधवार को पर्वाधिराज पर्युषण पर्व के पावन अवसर पर समाजजनों ने बढ़-चढ़कर धार्मिक गतिविधियों में भाग लिया। जप, तप, प्रार्थना, सामायिक, प्रतिक्रमण, पौषध सहित विभिन्न धार्मिक आराधनाओं के माध्यम से श्रद्धालुओं ने धर्मलाभ लिया।
इसी प्रकार मूर्ति पूजक श्रीसंघ में भी पर्युषण पर्व के दौरान आठों दिन धार्मिक आराधना हुई। भवानीमंडी से दिनेश जी कटारिया एवं इंदौर से सुरेश जी शाह के सानिध्य में उपासरे में स्वाध्याय एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंदिर में प्रतिदिन पूजा-अर्चना और भक्ति भाव के आयोजन हुए, जिसमें समाजजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
शोभायात्रा निकालकर दिया क्षमा का संदेश-
बुधवार को क्षमापना महापर्व के अवसर पर स्थानकवासी जैन श्रावक संघ एवं मूर्ति पूजक श्रीसंघ की ओर से शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा के माध्यम से समाजजनों ने क्षमा, मैत्री और आपसी सद्भाव का संदेश दिया।
शोभायात्रा के पश्चात दोनों समाजों के धर्मस्थलों पर सामूहिक क्षमायाचना का आयोजन हुआ। समाजजनों ने वर्षभर में जाने-अनजाने में हुई भूलों एवं त्रुटियों के लिए एक-दूसरे से क्षमा मांगी और परस्पर क्षमा करते हुए ‘मिच्छामि दुक्कड़म्’ के भाव के साथ क्षमा के महत्व को चरितार्थ किया।