मनासा। धर्म, आध्यात्म और संस्कार को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने वाले मनासा नगर में सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं सत्संग का आयोजन लगातार दो वर्षों से जारी है। इसी श्रृंखला में श्रीगणेश उत्सव समिति के बड़ा बाजार स्थित पंडाल में सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं सत्संग का 104वां क्रम श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। आयोजन में बड़ी संख्या में सनातन परिवारों ने सहभागिता की।
अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही संप्रदाय के युवा विद्वान, रामराष्ट्र आराधक एवं साहित्याचार्य संत श्री चेतनरामजी (उदयपुर) की पावन प्रेरणा से नगर में इस धार्मिक प्रकल्प की शुरुआत की गई थी। इसका उद्देश्य सनातन परिवारों के बीच सामंजस्य, सद्भाव एवं एक्यभाव जागृत करते हुए धर्म और संस्कार के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करना है। पिछले दो वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहे इन कार्यक्रमों से नगर में धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण को नई दिशा मिली है।
इस धार्मिक यात्रा में महंत श्री नरपतरामजी, संत श्री चेतनरामजी, संत श्री संतरामजी, जगद्गुरु शंकराचार्य भानपुरा पीठ स्वामी श्री ज्ञानानंदजी तीर्थ, महामंडलेश्वर संत श्री सुरेशानंदजी, महंत श्री लालनाथ योगी एवं साध्वी जयमाला दीदी सहित संत-महात्माओं का सानिध्य एवं आशीर्वाद प्राप्त हुआ।
गणेश पूजन एवं दीप प्रज्वलन से हुआ शुभारंभ-
104वें सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं सत्संग का शुभारंभ श्रीगणेश उत्सव समिति के लाभार्थी सदस्यों शिवम झंवर, अमन सोनी, स्नेह सारड़ा, गौरव लक्ष्यकार, शुभम पोरवाल, अनिकेत झंवर, राधव पलोड़, उत्कर्ष दानगढ़, अनिष्क कासट, संभव पोरवाल, सहज सारड़ा, केशव मंत्री, हेमंत राठौर, कुनाल व्यास, ऋषभ चौखड़ा, योगेश सोनी, यश पोरवाल, नमन लाठी, आदित्य पोरवाल, कार्तिक गुजराती एवं प्रियाशु वाधवा सहित अन्य सदस्यों ने श्रीगणेशजी के विग्रह एवं श्रीहनुमानजी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया।
भजनों से गूंजा सत्संग पंडाल-
आयोजन के दौरान हुए भजन प्रवाह में क्षेत्रीय विधायक अनिरुद्ध माधव मारू, राजकुमार मारू, सत्यनारायण सोनी, अर्पित शर्मा, कमल विजयवर्गीय, समरथ खाटवा, गोपाल हिन्दुस्तानी, गोपाल राठौर एवं ओम सोनी ने भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भजनों के दौरान श्रद्धालु भक्तिरस में सराबोर नजर आए। पूरे आयोजन के दौरान पंडाल भक्ति गीतों और जयकारों से गूंजता रहा। आज की प्रसादी के लाभार्थी सांवलिया ग्रुप के सदस्यों ने भी पूजन-अर्चन में सहभागिता की।
22 सितंबर को होगा 105वां सामूहिक पाठ-
कार्यक्रम के समापन अवसर पर सनातन सत्संग मंडल ने आयोजन में सहभागिता करने वाले सभी सनातन परिवारों एवं लाभार्थी संस्था के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। साथ ही आगामी 105वें सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं सत्संग में सपरिवार शामिल होने का आग्रह किया गया। 105वां सामूहिक पाठ मंगलवार, 22 सितंबर को रात्रि 8.30 बजे गोपालकृष्ण धर्मशाला (राठौर तेली समाज), धोबी मोहल्ला में आयोजित होगा।