मल्हारगढ़ (मंदसौर)। मल्हारगढ़ थाना क्षेत्र के बरखेड़ा पंथ में बुधवार दोपहर तीन बाइकों की आपस में जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में शादी की खरीदारी के लिए नीमच जिले के पीपलोन गांव से मंदसौर जा रही 40 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला के सिर में गंभीर चोट लगने से वह लहूलुहान हो गई।
जानकारी के अनुसार, पीपलोन, थाना नीमच सिटी निवासी ललिता बाई पति मुकेश पाटीदार (40) अपने परिजन के साथ शादी का सामान खरीदने मंदसौर जा रही थीं। इसी दौरान बरखेड़ा पंथ के पास तीन बाइकें आपस में टकरा गईं। टक्कर के बाद ललिता बाई सड़क पर गिर गईं, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई।
हादसे की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के पायलट संदीप मोदी मौके पर पहुंचे और घायल महिला को तत्काल पिपलियामंडी स्थित स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें नीमच जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। फिलहाल महिला का उपचार जारी है।