विजयपुर/चित्तौड़गढ़। विश्व ओजोन दिवस 2026 के अवसर पर वन विभाग विजयपुर द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय विजयपुर में पोस्टर प्रतियोगिता एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 11वीं एवं 12वीं के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए ओजोन परत एवं पर्यावरण संरक्षण विषय पर अपने विचार और रचनात्मकता प्रस्तुत की।
पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। वहीं सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को अल्पाहार वितरित किया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय वन अधिकारी विजयपुर भूपेन्द्र सिंह शक्तावत ने विद्यार्थियों को ओजोन परत के महत्व और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण में विद्यार्थियों की भूमिका पर भी प्रकाश डाला।
इस अवसर पर वनपाल विजयपुर मनोहर सिंह जाट, वनरक्षक मेघनाथ, योगेश गुर्जर, नारायण सिंह तंवर, विजय सिंह चौहान एवं ओमप्रकाश बेनीवाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।