मनासा। दिगंबर जैन समाज मनासा द्वारा 16 सितंबर से दशलक्षण पर्युषण पर्व का शुभारंभ किया जाएगा। यह पावन पर्व पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर एवं बाहुबली धाम में श्रद्धा, भक्ति एवं धार्मिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा। पर्व के दौरान समाजजनों द्वारा त्याग, तपस्या, संयम एवं आत्मशुद्धि से जुड़े विभिन्न धार्मिक आयोजन किए जाएंगे।
दिगंबर जैन समाज के अध्यक्ष भरत कुमार जैन ने बताया कि पर्युषण पर्व के दौरान प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। कार्यक्रम के तहत प्रातः 7.30 बजे शांतिधारा, प्रातः 8 बजे नित्य नियम पूजा, दोपहर 2 बजे अतिथि विद्वान द्वारा शास्त्र सभा, सायं 6 बजे सामायिक, सायं 7.30 बजे आरती तथा रात्रि 8 बजे शास्त्र सभा आयोजित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि दशलक्षण पर्युषण पर्व आत्मशुद्धि, संयम और तपस्या का पर्व है। इन दिनों श्रद्धालु धार्मिक आराधना के साथ दशलक्षण धर्म के दस स्वरूपों का मनन, चिंतन एवं आत्मसात करने का प्रयास करेंगे।
जैन समाज द्वारा सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में धार्मिक आयोजनों में सहभागी होकर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया गया है।