सेंधवा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 19 सितंबर को इंदौर में छात्र-छात्राओं के साथ प्रस्तावित संवाद कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ को लेकर सेंधवा विधानसभा के विद्यार्थियों की बैठक आयोजित की गई। सेंधवा विधायक मोंटू सोलंकी के नेतृत्व में हुई बैठक में विद्यार्थियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई।
बैठक के दौरान छात्र-छात्राओं का पंजीयन कराया गया तथा शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। विद्यार्थियों ने चाटली स्थित लेट के.एल. पांडे नर्सिंग कॉलेज में परीक्षा नहीं होने की समस्या भी सामने रखी। छात्रों का कहना है कि परीक्षा नहीं होने से उनकी पढ़ाई और आगे की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। इस मुद्दे को 19 सितंबर को राहुल गांधी के समक्ष रखने की बात कही गई।
बैठक में विद्यार्थियों से कहा गया कि वे अपनी समस्याओं और सवालों को स्पष्ट रूप से सामने रखें तथा संवाद कार्यक्रम के माध्यम से सेंधवा विधानसभा के छात्र-छात्राओं की आवाज इंदौर तक पहुंचाएं।
विधायक मोंटू सोलंकी ने कहा कि विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से सामने रखना जरूरी है। 19 सितंबर को इंदौर में होने वाले संवाद कार्यक्रम में सेंधवा विधानसभा से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल होकर अपनी बात रखें।