नीमच। मध्यप्रदेश शासन के सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम शाम 6 से 7 बजे तक किलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में होगा, जहां 50 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने बताया कि कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, शासकीय अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा नागरिक शामिल होंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास कॉलोनी कनावटी, दीनदयाल वाटिका इंदिरा नगर, गोधाम बालाजी, एसटीपी प्लांट सिटी रोड स्थित मुक्तिधाम के पास तथा फिल्टर प्लांट हिंगोरिया में भी दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक अभियान के तहत प्रत्येक वार्ड में शासन की योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की सफलता की कहानियां संकलित की जाएंगी। वहीं 7 अक्टूबर को सेवा ज्योति यात्रा (कलश यात्रा) आयोजित होगी।
इसके अलावा 2 से 10 अक्टूबर तक पौधारोपण, स्वच्छता एवं सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रति जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। 2 अक्टूबर को सुशासन सेवा संवाद के साथ स्वास्थ्य जांच एवं जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।