चित्तौड़गढ़। पुलिस थाना शाहपुरा, जिला भीलवाड़ा के आर्म्स एक्ट के प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहे 50 हजार रुपए के इनामी वांछित अभियुक्त बंजरग पिता अम्बालाल मीणा निवासी टोपा को गिरफ्तार करने में भीलवाड़ा पुलिस के साथ चित्तौड़गढ़ पुलिस की भी अहम भूमिका रही। पुलिस टीम ने वांछित अभियुक्त को 4 जुलाई 2025 को गिरफ्तार किया था।
पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ धर्मेंद्र सिंह यादव ने बताया कि अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए अजमेर रेंज महानिरीक्षक पुलिस कार्यालय द्वारा पूर्व में 50 हजार रुपए के नगद ईनाम की घोषणा की गई थी। लंबे समय तक फरार रहने के कारण अभियुक्त पर ईनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तारी के लिए किए गए प्रयासों में पुलिस थाना हमीरगढ़, डीएसटी एवं साइबर सेल भीलवाड़ा के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ चित्तौड़गढ़ पुलिस के सहायक उपनिरीक्षक सूरज कुमार की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आईजी ने जारी किया आदेश-
अजमेर रेंज महानिरीक्षक पुलिस डॉ. रवि (आईपीएस) ने 15 सितंबर 2026 को आदेश जारी कर वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को घोषित 50 हजार रुपए की ईनाम राशि प्रदान की।
आदेश के अनुसार तत्कालीन हमीरगढ़ थानाधिकारी उपनिरीक्षक संजय गुर्जर, साइबर सेल भीलवाड़ा के हैड कांस्टेबल सत्यनारायण शर्मा, पुलिस थाना हमीरगढ़ के कांस्टेबल दिनेश, बलवीर, जयप्रकाश एवं पिंटू कुमार, डीएसटी भीलवाड़ा के हैड कांस्टेबल प्रतापराम, कांस्टेबल अमृत सिंह एवं ऋषिराज तथा चित्तौड़गढ़ डीएसटी प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक सूरज कुमार को ईनाम राशि प्रदान की गई।
इस प्रकार घोषित 50 हजार रुपए की संपूर्ण ईनाम राशि 10 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों में वितरित की गई। आदेश में पुलिसकर्मियों द्वारा किए गए प्रयासों को उत्कृष्ट कार्य मानते हुए उन्हें यह प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई है।