चित्तौड़गढ़। मेवाड़ के प्रसिद्ध कृष्णधाम श्रीसांवलियाजी मंदिर में भंडार से निकली दान राशि की मंगलवार को तीसरे राउंड की काउंटिंग पूरी हुई। तीसरे राउंड में 5 करोड़ 58 लाख 2 हजार रुपए की राशि की गिनती हुई। इसके साथ ही तीन राउंड में अब तक कुल 20 करोड़ 63 लाख 56 हजार रुपए की दान राशि गिनी जा चुकी है।
भंडार में अभी भी दान राशि शेष है, जिसकी काउंटिंग बुधवार, 16 सितंबर को चौथे राउंड में की जाएगी। लगातार तीन राउंड में करोड़ों रुपए की दान राशि सामने आने से श्रद्धालुओं की आस्था का अंदाजा लगाया जा सकता है। हालांकि, अंतिम आंकड़ा चौथे राउंड और अन्य प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
पहले दो राउंड में भी निकली थी बड़ी राशि-
भंडार की काउंटिंग का पहला राउंड 10 सितंबर को हुआ था। इसमें 7 करोड़ 53 लाख 60 हजार रुपए की दान राशि की गिनती की गई थी। इसके बाद दूसरे राउंड में 7 करोड़ 51 लाख 94 हजार रुपए की राशि सामने आई। मंगलवार को तीसरे राउंड में 5 करोड़ 58 लाख 2 हजार रुपए की गिनती होने के बाद कुल राशि 20 करोड़ 63 लाख 56 हजार रुपए पहुंच गई।
मंदिर मंडल की ओर से प्रत्येक राउंड की काउंटिंग पूरी होने के बाद दान राशि की जानकारी जारी की जा रही है। भंडार में बची राशि की गिनती चौथे राउंड में की जाएगी।
चार दिन रुकी रही काउंटिंग-
श्रीसांवलियाजी मंदिर का भंडार 10 सितंबर को खोला गया था, लेकिन इसके बाद लगातार काउंटिंग नहीं हो सकी। 11 सितंबर को अमावस्या होने के कारण काउंटिंग नहीं की गई। वहीं, 12 और 13 सितंबर को शनिवार और रविवार होने के कारण बैंक बंद रहे। इन दिनों मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ भी अधिक रही, जिसके चलते काउंटिंग का काम रोक दिया गया।
इसके बाद 14 सितंबर को दूसरे राउंड की काउंटिंग शुरू हुई और मंगलवार, 15 सितंबर को तीसरे राउंड की गिनती पूरी की गई। अब चौथे राउंड की काउंटिंग बुधवार को होगी।
सोने-चांदी का तौल अभी बाकी-
भंडार से प्राप्त सोने-चांदी का तौल अभी किया जाना बाकी है। इसके अलावा मनीऑर्डर और ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त दान राशि की काउंटिंग भी की जानी है। भेंट कक्ष में श्रद्धालुओं की ओर से चढ़ाए गए सोने-चांदी के आभूषण एवं अन्य कीमती वस्तुओं का तौल भी अभी बाकी है। इन सभी प्रक्रियाओं के पूरा होने के बाद श्रीसांवलियाजी मंदिर के इस भंडार से प्राप्त कुल दान राशि का अंतिम आंकड़ा सामने आएगा।