नीमच। ग्राम रोजगार सहायक संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर ग्राम रोजगार सहायकों ने बुधवार को लंबित मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि 1 अक्टूबर तक मांगों पर लिखित आदेश जारी नहीं हुए तो 2 अक्टूबर से प्रदेशभर में अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल शुरू की जाएगी।
कर्मचारियों ने ग्राम रोजगार सहायकों को ‘पंचायत सहायक सचिव’ पद पर शामिल करने और पंचायत सचिवों के समान सेवा सुविधाएं देने की मांग की है। संगठन के अनुसार प्रदेश में करीब 23 हजार ग्राम रोजगार सहायक ग्रामीण स्तर पर शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में कार्यरत हैं।
संगठन ने 28 जून 2023 को भोपाल में हुई महापंचायत में तत्कालीन मुख्यमंत्री द्वारा नियुक्ति एवं ट्रांसफर प्रक्रिया पंचायत सचिवों के समान करने की घोषणा का हवाला देते हुए कहा कि समिति गठित होने के बावजूद अंतिम आदेश जारी नहीं हुए।
ज्ञापन में 24 जुलाई और 18 अगस्त 2026 को जारी निर्देशों का भी उल्लेख किया गया। संगठन का कहना है कि अनुकंपा नियुक्ति, सहायता राशि, एनपीएस, ईपीएफ कटौती और आयुष्मान योजना सहित विभिन्न मांगों पर भी अब तक स्पष्ट लिखित आदेश जारी नहीं हुए हैं।
मांगें पूरी नहीं होने पर 2 अक्टूबर से कलमबंद हड़ताल, कंप्यूटर बंद, धरना-प्रदर्शन एवं भूख हड़ताल जैसे आंदोलन किए जाने की चेतावनी दी गई है।