चित्तौड़गढ़। धनतेरस एवं दीपावली पर्व को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर के प्रमुख बाजारों में यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। 6 नवंबर और 8 नवंबर 2026 को शहर के सुभाष चौक, पावटा चौक, गोल प्याऊ और सदर बाजार क्षेत्र में वाहनों के प्रवेश का समय निर्धारित किया गया है।
यातायात पुलिस के अनुसार इन क्षेत्रों में दोपहर 1 बजे तक चारपहिया वाहनों को प्रवेश दिया जाएगा, जबकि दोपहिया वाहनों का प्रवेश दोपहर 3 बजे तक रहेगा। निर्धारित समय के बाद सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
वहीं, बाजार आने वाले नागरिकों की सुविधा के लिए चार स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था की गई है। इनमें गौरा बादल स्टेडियम, द्वारिका धाम, मंगलम वाटिका (चंद्रलोक टॉकीज के पास) और इनाणी सिटी सेंटर शामिल हैं।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें। सड़क पर या निर्धारित पार्किंग स्थल के अलावा वाहन खड़े करने पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित एवं व्यवस्थित दीपावली मनाने की अपील की है।