नीमच। सेवानिवृत्ति के बाद संगठनात्मक गतिविधियों के संचालन के लिए कार्यालय की मांग कर रहे मध्य प्रदेश विद्युत पेंशनर संघ के सदस्यों ने गुरुवार को धरना-प्रदर्शन किया। भूतेश्वर मंदिर के समीप स्थित एई कार्यालय के बाहर सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक पेंशनरों ने धरना दिया। इस दौरान उन्होंने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए विद्युत मंडल के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा और संगठन के लिए कार्यालय आवंटित करने की मांग उठाई।
ज्ञापन के माध्यम से पेंशनर्स एसोसिएशन नीमच ने सीआरपीएफ कॉलोनी स्थित रिक्त आवासों में से एक आवास अथवा उसके उपयुक्त हिस्से को संगठन के कार्यालय संचालन के लिए आवंटित करने की मांग की। संघ का कहना है कि वरिष्ठ नागरिकों और सेवानिवृत्त कर्मचारियों की इस लंबे समय से चली आ रही मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाना चाहिए। कार्यालय उपलब्ध होने से पेंशनरों की बैठकें, संगठनात्मक गतिविधियां और अन्य आवश्यक कार्य व्यवस्थित रूप से संचालित हो सकेंगे।
पेंशनरों ने ज्ञापन में प्रबंध निदेशक, मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, इंदौर; मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन एवं प्रशासन); मुख्य अभियंता, उज्जैन तथा एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष, जबलपुर को भी संबोधित करते हुए मांग पर शीघ्र निर्णय लेने का आग्रह किया।
धरना-प्रदर्शन के दौरान पेंशनरों ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों के संगठन को कार्यालय उपलब्ध कराना उनकी आवश्यक और न्यायसंगत मांग है। इस संबंध में लंबे समय से प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन अब तक समाधान नहीं होने के कारण उन्हें धरना-प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ा। उन्होंने अधिकारियों से सीआरपीएफ कॉलोनी के रिक्त आवासों में से एक हिस्सा एसोसिएशन को आवंटित करने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग की।
इस अवसर पर पेंशनर्स एसोसिएशन नीमच के अध्यक्ष, सचिव सहित संगठन के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।