मंदसौर। शहर में सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए प्रशासन ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। एमआईटी चौराहे के पास नर्सिंग कॉलेज परिसर के लिए आवंटित सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाया गया। करीब 12 करोड़ रुपये कीमत की इस जमीन पर बने दो मकानों सहित अन्य अवैध निर्माण को पुलिस बल की मौजूदगी में ढहा दिया गया।
जानकारी के अनुसार, कस्बा मंदसौर स्थित शासकीय सर्वे नंबर 40 की 0.30 हेक्टेयर जमीन चिकित्सा विभाग को आवंटित है। इस जमीन पर नफीस और फिरोज पिता शरीफ खान तथा जगदीश पिता गोवर्धन द्वारा कब्जा कर दो मकान और अन्य निर्माण किए गए थे।
कलेक्टर के निर्देश और एसडीएम के मार्गदर्शन में तहसीलदार नीलेश पटेल के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। तहसीलदार नीलेश पटेल के अनुसार, संबंधित जमीन पर करीब 20 वर्षों से कब्जा था।
राजस्व विभाग की टीम रही मौजूद-
कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार अभिषेक चौरसिया, राजस्व निरीक्षक विकास चौहान, पटवारी राजेंद्र चंदेल, राजेश मेहता, गोवर्धन पाटीदार और रविंद्र पाटीदार सहित राजस्व विभाग का अमला मौजूद रहा। इसके अलावा 15 कोटवार और अन्य कर्मचारी भी कार्रवाई में शामिल रहे।