जावरा। दीपावली पर्व को लेकर जावरा पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। एसपी रतलाम अमित कुमार के निर्देश पर सीएसपी जावरा युवराजसिंह चौहान, थाना प्रभारी और यातायात पुलिस ने शहर के मुख्य बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। धनतेरस से लेकर भैया दूज तक पुलिस बाजारों में तैनात रहेगी।
मुख्य बाजार, सराफा बाजार, कपड़ा बाजार, बर्तन बाजार और पटाखा बाजार में पैदल गश्त बढ़ा दी गई है। रात्रि में पेट्रोलिंग और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग भी तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए हर चौराहे पर जवान तैनात किए गए हैं।
ट्रैफिक व्यवस्था बदली, बाजार में राहत-
5 नवंबर से दीपावली तक मुख्य बाजार में वन-वे और नो-एंट्री व्यवस्था लागू कर दी गई है। 7 मार्गों पर तीन पहिया और चार पहिया वाहनों का प्रवेश बंद है। पार्किंग हाथीखाना और गुन्ना चौक में बनाई गई है। लोडिंग-अनलोडिंग सिर्फ रात 10 बजे से सुबह 10 बजे तक होगी।
पटाखा बाजार पर विशेष नजर-
अवैध पटाखा बिक्री और बिना लाइसेंस दुकानों पर पुलिस की पैनी नजर है। पुलिस ने साफ कहा है कि नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
खरीददारों की राय-
बाजार में खरीदारी करने आए लोगों ने पुलिस की व्यवस्था को सराहा।
एक खरीदार ने कहा- पहले बाजार में जाम में फंस जाते थे, इस बार वन-वे से चलने में आसानी हो रही है। पुलिस दिख रही है तो डर भी नहीं लग रहा।
एक महिला खरीदार ने कहा- बच्चों को लेकर बाजार आए हैं, पुलिस की गश्त देखकर अच्छा लग रहा है। भीड़ में सामान की सुरक्षा का डर कम हुआ है।
ग्रामीण क्षेत्रों से आए एक खरीदार ने कहा- पार्किंग की व्यवस्था अच्छी की है, अब वाहन दूर खड़ा करके आराम से खरीदारी कर पा रहे हैं।
व्यापारियों की राय-
व्यापारियों ने भी पुलिस की व्यवस्था पर खुशी जताई। एक व्यापारी ने कहा- पुलिस की मौजूदगी से ग्राहक बेफिक्र होकर बाजार आ रहे हैं। ट्रैफिक व्यवस्था से दुकानों के सामने जाम नहीं लग रहा।
एक अन्य व्यापारी ने कहा- रात में पेट्रोलिंग बढ़ने से दुकानों की सुरक्षा को लेकर चिंता कम हुई है। उम्मीद है दिवाली की बिक्री अच्छी होगी।
पुलिस की अपील-
सीएसपी जावरा ने आमजन से अपील की है कि भीड़ में सतर्क रहें, अपने बच्चों और सामान का ध्यान रखें, संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। ऑनलाइन ठगी से भी सावधान रहें, किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें।