खरगोन। कसरावद विधानसभा क्षेत्र में पूर्व कृषि मंत्री एवं विधायक सचिन यादव ने बुधवार को सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने करीब 1 करोड़ 40 लाख रुपए की लागत से तैयार विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को सौगात दी। साथ ही वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के तहत अलग-अलग गांवों में ग्राम चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों से संवाद किया।
दुर्गापुर में विधायक सचिन यादव ने 20 लाख रुपए की लागत से बने पंचायत भवन और 55 लाख रुपए के उपस्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने उपस्वास्थ्य केंद्र के निर्माण के लिए भूमि दान करने वाले कल्याण बिरले और कैलाशबाई बिरले के योगदान की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
वहीं बरसलाय में 55 लाख रुपए की लागत से बने उपस्वास्थ्य केंद्र और 10 लाख रुपए की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन के प्रथम तल का लोकार्पण किया।
ग्राम चौपालों में विधायक ने लोकतंत्र की मजबूती के लिए मताधिकार की सुरक्षा और मतदाता सूची में पारदर्शिता को जरूरी बताया। उन्होंने ग्रामीणों से मतदाता सूची में अपने नाम और व्यक्तिगत विवरण की जांच करने की अपील की।
दौरे के दौरान विधायक सचिन यादव रेगांव, अहिर धामनोद और मुलठान सहित विभिन्न गांवों में पहुंचे। यहां उन्होंने दिवंगतजनों के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदनाएं भी व्यक्त कीं।