नीमच। दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही शहर के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। इसी कड़ी में आतिशबाजी के शौकीनों के लिए स्थानीय क्रमांक-2 स्कूल परिसर में पटाखा बाजार पूरी तरह सजकर तैयार हो गया है। बाजार में पटाखों की खरीदारी के लिए ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। वहीं, दुकानदार भी ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए तरह-तरह की आतिशबाजी की वैरायटी सजा चुके हैं।
इस बार पटाखा बाजार में दुकानों का आवंटन पारदर्शी गोटी सिस्टम यानी लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से किया गया। बुधवार को 105 लाइसेंसधारी पटाखा व्यापारियों को इसी प्रक्रिया के तहत दुकानों का आवंटन किया गया, ताकि सभी व्यापारियों को निष्पक्ष तरीके से दुकानें मिल सकें।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए किए विशेष इंतजाम-
पटाखा बाजार में सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। परिसर में नियमित साफ-सफाई, रास्तों पर पानी के टैंकर से छिड़काव और पर्याप्त बिजली व्यवस्था की गई है। इसके अलावा आगजनी जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए रेत के ढेर रखे गए हैं। प्रत्येक दुकानदार को अपनी दुकान पर पानी का बड़ा ड्रम और छोटा अग्निशामक यंत्र रखने के निर्देश दिए गए हैं। बाजार स्थल पर फायर ब्रिगेड वाहन की तैनाती भी की गई है।
व्यापारियों और ग्राहकों में उत्साह-
पटाखा बाजार में एक ओर दुकानदारों को अच्छे कारोबार की उम्मीद है, वहीं दूसरी ओर ग्राहक भी अपनी पसंद के पटाखे खरीदने पहुंच रहे हैं। बाजार में अलग-अलग तरह की आतिशबाजी और उनकी कीमतों को लेकर ग्राहकों में उत्सुकता बनी हुई है।
इसी क्रम में वॉईस ऑफ एमपी की टीम ने पटाखा बाजार पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और व्यापारियों तथा खरीदारी करने आए ग्राहकों से चर्चा की। इस दौरान दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया, पटाखों की वैरायटी, कीमतों और सुरक्षा इंतजामों को लेकर लोगों ने अपने विचार साझा किए।