दड़ौली। यह ट्रिपल इंजन की सरकार का ही परिणाम है कि पिछले चार वर्षों में ग्राम पंचायत दड़ौली में ढाई करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य हुए हैं। भाजपा सरकार गांव, गली और हर परिवार के विकास के लिए संकल्पित है। यह बात क्षेत्रीय विधायक ओमप्रकाश सखलेचा ने ग्राम दड़ौली में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।
नवनिर्मित नमो सामुदायिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों से चर्चा करते हुए विधायक सखलेचा ने कहा कि जावद विधानसभा क्षेत्र के हर गांव में डोम और पक्की सड़कें बनाई गई हैं। ग्रामीणों को 24 घंटे नियमित बिजली मिल रही है। यह भाजपा सरकार की विकासवादी सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जल्द ही हर घर तक गांधीसागर का शुद्ध पेयजल पहुंचेगा और खेतों में सिंचाई के लिए भी पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा।
विधायक सखलेचा ने ग्राम पंचायत दड़ौली के सरपंच प्रवीण नागौरी द्वारा चार वर्षों में करवाए गए ढाई करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरपंच ने विधायक निधि से स्वीकृत कार्यों को ईमानदारी और गुणवत्ता के साथ समय से पहले पूरा कर जनता को समर्पित किया है।
मंदिरों में प्रार्थना कक्ष सहित कई कार्यों के लिए राशि की घोषणा-
विधायक सखलेचा ने सरपंच की मांग पर देवनारायण मंदिर, बाबा रामदेव मंदिर और तत्कालेश्वर महादेव मंदिर में प्रार्थना कक्ष निर्माण के लिए दो-दो लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा लक्ष्मीपुरा डोम के साथ भोजनशाला निर्माण के लिए तीन लाख रुपये, क्रिकेट क्लब मैदान के लिए डेढ़ लाख रुपये तथा प्राथमिक विद्यालय लक्ष्मीपुरा-दड़ौली की छत के लिए राशि स्वीकृत करने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि पंचायत के ग्राम दूधतलाई को जल्द ही राजस्व ग्राम घोषित किया जाएगा। इस संबंध में प्रक्रिया जारी है। साथ ही उन्होंने ड्रोन सर्वे से संबंधित रजिस्ट्रियों का कार्य इसी माह के अंत तक प्रत्येक हल्के में शत-प्रतिशत पूरा कराने के लिए ग्रामीणों से सहयोग की अपील की।
जनप्रतिनिधियों ने गिनाए विकास कार्य-
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष गोपाल चारण ने कहा कि विधायक सखलेचा द्वारा विधानसभा क्षेत्र के गांवों का चरणबद्ध योजना के तहत विकास किया जा रहा है। क्षेत्र में अच्छी सड़कों के निर्माण और शुद्ध पेयजल की आपूर्ति के कार्य लगातार चल रहे हैं।
मंडल अध्यक्ष अर्जुन माली ने कहा कि विधायक के प्रयासों से क्षेत्र में दो बांध, पक्की सड़कें, सीसी मार्ग, नालियां, आंगनवाड़ी भवन, सामुदायिक भवन और डोम सहित कई विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने दड़ौली पंचायत के ग्रामीणों को 251 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों के लिए बधाई दी।
आदर्श पंचायत बनाने का संकल्प जताया-
सरपंच प्रवीण नागौरी ने विधायक ओमप्रकाश सखलेचा का विकास कार्यों में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने ग्राम पंचायत को आदर्श पंचायत बनाने की प्रतिबद्धता जताते हुए बताया कि पिछले चार वर्षों में पंचायत के सभी गांवों में लाखों रुपये के विकास कार्य करवाए गए हैं। उन्होंने विधायक के समक्ष पंचायत के विभिन्न गांवों में आवश्यक सुविधाओं से संबंधित मांग पत्र भी रखा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष जानीबाई शंभूलाल धाकड़, जिला पंचायत सदस्य मंजूबाई मांगीलाल भील, रतनगढ़ मंडल अध्यक्ष जसवंत बंजारा, जनपद सदस्य प्रतिनिधि मांगीलाल भील, सरपंच संघ अध्यक्ष उगम सिंह राजपूत, लासूर सरपंच प्रकाश लोहार, रूपपुरा सरपंच प्रतिनिधि महावीर सिंह, मड़ावदा सरपंच, धमनिया के किशनलाल मेघवाल, जनकपुर सरपंच किशोर पाटीदार, मांडा सरपंच मिश्रीलाल गुर्जर और मंडल महामंत्री राजेंद्र सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं राजनीतिक पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन भरत सेन ने किया तथा आभार देवीलाल खींची ने व्यक्त किया।