रतलाम। त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने जावरा तहसील के विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान मावा, दूध, घी, पनीर, दही और सेव सहित कुल सात नमूने लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्योति बघेल ने टीम के साथ ग्राम वीरपुरा स्थित श्री श्याम मावा भंडार का निरीक्षण किया। मौके पर विक्रय के लिए लगभग 15 किलो मावा तैयार किया जा रहा था। टीम ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत मावे का नमूना लिया। साथ ही प्रतिष्ठान संचालक को लाइसेंस प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद टीम ने बड़ावदा स्थित बैरागी रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। यहां प्रोपराइटर राजेंद्र बैरागी पिता बालूदास बैरागी से मावा और सेव के नमूने लिए गए। अधिकारियों ने प्रतिष्ठान में साफ-सफाई बनाए रखने और गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री का उपयोग करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में बड़ावदा के सदर बाजार स्थित श्री कृष्णा दूध डेयरी का भी निरीक्षण किया गया। यहां फर्म का संचालन राजेंद्र मुंद्रा पिता मोहनलाल मुंद्रा करते पाए गए। मौके पर विक्रय के लिए लगभग 1,000 लीटर दूध संग्रहित था। टीम ने मिश्रित (गाय-भैंस) दूध, घी, पनीर और दही के नमूने लिए। डेयरी संचालक को साफ-सफाई रखने, कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट और पेस्ट कंट्रोल से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध रखने तथा लाइसेंस प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई-
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लिए गए सभी सात नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। अधिकारियों के अनुसार जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।