मंदसौर। सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को मंदसौर के ई-दक्ष केंद्र में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारत सरकार के प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग, नई दिल्ली तथा आर.सी.वी.पी. नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी, भोपाल के निर्देशानुसार सेवोत्तम प्रकोष्ठ के अंतर्गत आयोजित इस प्रशिक्षण का कलेक्टर दिव्यांक सिंह के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में संचालन किया गया।
प्रशिक्षण में मध्यप्रदेश लोक सेवा प्रदाय गारंटी अधिनियम और सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण पर विशेष जोर दिया गया। जिला मास्टर ट्रेनर सत्येंद्र राठौर ने जिले के विभिन्न विभागों के सीएम हेल्पलाइन प्रभारियों को शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त प्रत्येक शिकायत का निराकरण केवल औपचारिकता के रूप में नहीं किया जाना चाहिए, बल्कि शिकायत की विषयवस्तु को गंभीरता से समझकर उपलब्ध तथ्यों के आधार पर उचित और संतुष्टिपूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
शिकायतों की ग्रेडिंग और निराकरण की गुणवत्ता पर चर्चा-
प्रशिक्षण के दौरान शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण, शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान, निम्न गुणवत्ता वाले निराकरण की पहचान, निराकरण में उपयोग किए जाने वाले की-वर्ड, शिकायतों की ग्रेडिंग प्रक्रिया तथा निराकरण की गुणवत्ता को प्रभावित करने वाले महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस दौरान अधिकारियों ने सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण से जुड़ी विभिन्न व्यावहारिक समस्याओं और शंकाओं को लेकर प्रश्न पूछे। जिला मास्टर ट्रेनर सत्येंद्र राठौर ने उनकी शंकाओं का समाधान करते हुए आवश्यक जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विभागों के सीएम हेल्पलाइन प्रभारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य शिकायतों के निराकरण की गुणवत्ता में सुधार लाना, प्रक्रिया को अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुखी बनाना तथा आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध और संतुष्टिपूर्ण समाधान सुनिश्चित करना रहा।