मंदसौर। कलेक्टर दिव्यांक सिंह के निर्देशन में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम भुन्याखेड़ी में करीब 30 करोड़ रुपये मूल्य की शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। प्रशासन की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाकर भूमि का कब्जा संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों को सौंप दिया।
एसडीएम शुभम पाटीदार ने बताया कि ग्राम भुन्याखेड़ी स्थित शासकीय सर्वे नंबर 514 की कुल 0.75 हेक्टेयर भूमि पर अतिक्रमण किया गया था। इस भूमि का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 30 करोड़ रुपये है। प्रशासन ने अतिक्रमणकर्ता साबिर पिता बफाति हड्डी के कब्जे को हटाने की कार्रवाई की।
मंदसौर नगर तहसीलदार नीलेश पटेल एवं राजस्व दल ने पुलिस बल की उपस्थिति में मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाया। इसके बाद भूमि का कब्जा कर्मचारी आवास निगम, विंध्याचल भवन भोपाल की ओर से उपस्थित राहुल चौहान तथा नगर पालिका मंदसौर के कार्यपालन यंत्री पी.एस. धार्वे को सौंपा गया।
कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार अभिषेक चौरसिया, राजस्व निरीक्षक विकास चौहान, पटवारी राजेंद्र चंदेल, राजेश मेहता, गोवर्धन पाटीदार, रविंद्र पाटीदार, माधुरी परमार, नगर पालिका इंजीनियर शाहिद मिर्जा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।