नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार जिले में आमजन की राजस्व संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में तहसील नीमच ग्रामीण के ग्राम अडमालिया में भूमि सीमांकन एवं नक्शा दुरुस्ती से संबंधित प्रकरण का मौके पर पहुंचकर निराकरण किया गया।
ग्राम अडमालिया निवासी जगदीशदास बैरागी ने स्वयं एवं अपने पुत्रों के नाम दर्ज भूमि के सीमांकन और नक्शा दुरुस्ती के संबंध में जनसुनवाई तथा तहसील कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत किया था। आवेदक की समस्या के निराकरण के लिए राजस्व निरीक्षक एवं पटवारियों का संयुक्त दल गठित किया गया।
नायब तहसीलदार संजय मालवीय की मौजूदगी में राजस्व अमला ग्राम अडमालिया पहुंचा और मौके पर भूमि का सीमांकन किया। इस दौरान नक्शा दुरुस्ती से संबंधित आवश्यक राजस्व प्रक्रिया भी पूरी की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस प्रशासन का सहयोग भी लिया गया।
जिला प्रशासन द्वारा राजस्व संबंधी समस्याओं के निराकरण को प्राथमिकता दी जा रही है। संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का स्थल पर परीक्षण कर नियमानुसार और समयबद्ध तरीके से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।