देवास। त्योहारों के सीजन में अगर आप भी मिठाई खरीदने जा रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। देवास कलेक्टर नेहा मीना के निर्देश पर प्रशासन ने मिठाई और खाद्य सामग्री बेचने वाले प्रतिष्ठानों पर अचानक छापेमारी कर तौल उपकरणों की जांच की। इस दौरान दो दुकानों पर नियमों का उल्लंघन मिलने पर उनके कांटे जब्त कर संचालकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए गए।
खाद्य विभाग, खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग और नापतौल विभाग की संयुक्त टीम ने शहर की चार प्रमुख दुकानों जोधपुर स्वीट्स, स्वास्तिक ट्रेडर्स, बलराम बेकरी और मुरैना गजक पर पहुंचकर तौल उपकरणों की जांच की।
जांच के दौरान मुरैना गजक और बलराम बेकरी के कांटों का नियमानुसार सरकारी सत्यापन और सील नहीं कराया जाना पाया गया। इस पर अधिकारियों ने दोनों दुकानों के कांटे जब्त कर लिए और संचालकों के खिलाफ दो प्रकरण दर्ज किए।
वहीं अधिकारियों ने दुकानदारों को निर्देश दिए कि मिठाई तौलते समय डिब्बे का वजन अलग से घटाया जाए, ताकि ग्राहकों को निर्धारित मात्रा में पूरा सामान मिल सके। नापतौल विभाग ने बताया कि अगले दो दिनों तक शहर के अन्य प्रतिष्ठानों के साथ पूरे जिले में भी जांच अभियान चलाया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान ग्राहकों के साथ तौल में किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।