मंदसौर। पीएम केयर फॉर चिल्ड्रन योजना के हितग्राही बच्चों के साथ दीपावली की खुशियां साझा करने के लिए बुधवार को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने बच्चों को दीपावली की मिठाई और उपहार भेंट किए तथा उन्हें त्योहार की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी अंकिता पंड्या भी उपस्थित रहीं।
कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने बच्चों से आत्मीयता के साथ संवाद किया और उन्हें स्नेह एवं अपनत्व का एहसास कराया। उन्होंने कहा कि पूरा जिला प्रशासन बच्चों के साथ है और प्रशासन ही उनका परिवार है। बच्चों को किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे किसी भी समय उनसे सीधे संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने बच्चों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन हरसंभव सहयोग करेगा।
इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी अंकिता पंड्या ने बताया कि योजना के हितग्राही बच्चों का नियमित रूप से हेल्थ चेकअप भी कराया जा रहा है, ताकि उनके स्वास्थ्य और देखभाल का ध्यान रखा जा सके।
उल्लेखनीय है कि पीएम केयर फॉर चिल्ड्रन योजना के तहत ऐसे बच्चों को सहायता प्रदान की जाती है, जिन्होंने कोरोना महामारी के दौरान अपने माता-पिता या दोनों में से जीवित अभिभावक को खो दिया था। योजना का उद्देश्य इन बच्चों की देखभाल, शिक्षा और भविष्य को सुरक्षित बनाने में सहयोग देना है।