मंदसौर। जिले के पिपलियामंडी में मंडी गेट के सामने डिवाइडर पर लगातार हो रहे सड़क हादसों के विरोध में गुरुवार को नगर कांग्रेस कमेटी ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने मिट्टी का ठीकरा फोड़कर एमपीआरडीसी और नगर परिषद के खिलाफ नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि डिवाइडर पर रोशनी और संकेतक नहीं होने के कारण रात के समय वाहन चालक उससे टकराकर हादसों का शिकार हो रहे हैं। इन घटनाओं में कई लोग घायल हुए हैं, जबकि कुछ लोगों की जान भी जा चुकी है।
ठीकरा फोड़ने से पहले मिठाई और फूल चढ़ाए-
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मिट्टी के ठीकरा पर मिठाई, नींबू-मिर्ची, फूल और माला रखी। इसके बाद ठीकरा फोड़कर विरोध जताया। नेताओं ने काल भैरूजी से प्रार्थना करते हुए डिवाइडर पर पर्याप्त रोशनी, संकेतक और रेडियम रिफ्लेक्टर लगाने की मांग की।
लंबे समय से उठ रही मांग, फिर भी कार्रवाई नहीं-
जिला कांग्रेस महासचिव अनिल शर्मा ने कहा कि डिवाइडर को छोटा करने और वहां लाइट लगाने की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन जिम्मेदार विभागों ने अब तक ध्यान नहीं दिया। डिवाइडर के कट पर संकेतक और रोशनी नहीं होने से रात के समय हादसे हो रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो कांग्रेस आंदोलन करेगी।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उणियारा ने बताया कि चौपाटी से कृषि उपज मंडी तक सड़क हादसों की घटनाएं सामने आ रही हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद एमपीआरडीसी और नगर परिषद ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि मुख्य मार्ग पर लाइट लगाने की जिम्मेदारी नगर परिषद की है, जबकि मंडी गेट पर रोशनी की व्यवस्था कृषि उपज मंडी समिति के जिम्मे है। अंधेरे के कारण स्थानीय लोगों और किसानों को आवागमन में परेशानी हो रही है। साथ ही, चोरी की घटनाएं बढ़ने की बात भी उन्होंने कही।
प्रदर्शन में ये रहे मौजूद-
प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस संयुक्त सचिव मुकेश निडर, नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष चौथमल गुप्ता, छोटेलाल सैनी, पार्षद अशोक कोहली, मंडलम अध्यक्ष विष्णु फरक्या, किशनलाल चौहान, दिनेश गुप्ता काचरिया, महेंद्र गेहलोत, एनएसयूआई ब्लॉक अध्यक्ष ओमप्रकाश ररोतिया सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।